हीट वेव पर अलर्ट: डॉक्टरों को ट्रेनिंग, अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा

भीलवाड़ा समाचार 
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)
भीषण गर्मी और बढ़ते स्वास्थ्य खतरों के बीच जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए आईएमए हॉल में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में चिकित्सकों को हीट वेव, रैबीज, मौसमी बीमारियों और फायर सेफ्टी जैसे अहम विषयों पर व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी अस्पतालों में पेयजल, ओआरएस, दवाइयों और आपात व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रहें। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों की तैयारियों की मौके पर ही “क्लास” लेते हुए लापरवाही पर नाराजगी भी जताई।
डिप्टी सीएमएचओ डॉ. प्रवीण झरवाल ने आमजन से दोपहर में बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और लू के लक्षण दिखते ही तुरंत इलाज लेने की अपील की।
विशेषज्ञों ने रैबीज को जानलेवा लेकिन रोकथाम योग्य बताते हुए पशु काटने पर तुरंत वैक्सीन लेने की सलाह दी। साथ ही अस्पतालों में फायर सेफ्टी और डिजिटल सिस्टम के बेहतर उपयोग पर भी जोर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने साफ संदेश दिया—गर्मी में सतर्कता ही सुरक्षा है, लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।