स्वास्थ्य महकमा का मिलावटखोरों पर शिकंजा: कोल्ड स्टोर, आइस फैक्ट्री व जूस सेंटरों पर छापे

भीलवाड़ा समाचार 
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी) गर्मी के मौसम में खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका के बीच जिला प्रशासन सख्त मोड में नजर आ रहा है। जिला कलेक्टर के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिलेभर में सघन जांच अभियान चलाते हुए कई प्रतिष्ठानों से खाद्य सामग्री के नमूने लिए।
इन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई:-
कार्रवाई के दौरान पुष्पा कोल्ड स्टोर, विजय आइस फैक्ट्री, मनोज इंटरप्राइजेज (मलेला चौराहा) व सेठ सांवरिया जूस सेंटर से क्रमशः एडिबल बर्फ, कार्बोनेटेड वॉटर व आमरस के सैंपल लिए गए। इसके साथ ही श्री चारभुजा फैक्ट्री, एसकेएस एजेंसी और इंदिरा मार्केट स्थित हरिओम जूस सेंटर से भी बर्फ, कार्बोनेटेड वॉटर व बादाम शेक के नमूने एकत्रित किए गए।
लैब में होगी गुणवत्ता जांच
सभी सैंपल को अजमेर स्थित प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा गया है, जहां खाद्य पदार्थों की शुद्धता व गुणवत्ता की गहन जांच की जाएगी।
सीएमएचओ का सख्त संदेश:-
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा ने स्पष्ट किया कि मिलावटखोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
टीम रही सक्रिय
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसमें विभागीय कार्मिक व प्रशिक्षु अधिकारी भी शामिल रहे।
आमजन से अपील
विभाग ने नागरिकों से खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता, पैकेजिंग व एक्सपायरी डेट की जांच करने की अपील की है। मिलावट की शिकायत के लिए विभाग के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर संपर्क करने को कहा गया है।