भजन गायक धनराज जोशी का सड़क हादसे में निधन, भजन संध्या से लौटते समय हादसा

भीलवाड़ा समाचार 
भीलवाड़ा/उदयपुर ( सांवर वैष्णव ):- उदयपुर में आज तड़के हुई सड़क हादसे में मेवाड़ के सुप्रसिद्ध भजन गायक की मौत हो गई । वे भजन संध्या में शामिल होकर बेटे और अपने साथियों के साथ वापस गांव लौट रहे थे । इसी दौरान रास्ते में बैलेंस बिगड़ने पर कार पलट गई और भजन गायक धनराज जोशी की मौत हो गई । वहीं ड्राइवर घायल हो गया । बेटा और अन्य लोग हादसे से पहले उदयपुर में किसी काम से कार से उतर गए थे । हादसा डबोक थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-27 पर आज शुक्रवार तड़के करीब 5 बजे का हुआ । पुलिस ने बताया कि हादसे में भजन गायक धनराज जोशी की मौत हुई है, वो चित्तौड़गढ़ के बड़वाई के रहने वाले थे । वहीं ड्राइवर राजेंद्र सोनेरी घायल है । भजन गायक हल्दीघाटी स्थित सैमन गांव में भजन संध्या में गए थे । बेटे और अन्य साथियों के साथ गुरुवार रात वापस बड़वाई अपने घर लौट रहे थे । उनका बेटा और उनके साथी उदयपुर में काम होने पर कार से उतर गए । दरोली गांव और एयरपोर्ट के बीच नेशनल हाईवे-27 पर कार का बैलेंस बिगड़ गया और कार डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई ।

भजन और कॉमेडी शैली के लिए जाने जाते थे

हादसे में भजन गायक जोशी और ड्राइवर दोनों गंभीर घायल हो गए । मौके से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना पर डबोक पुलिस मौके पर पहुंची । दोनों को डबोक हॉस्पिटल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने भजन गायक धनराज जोशी को मृत घोषित कर दिया । ड्राइवर का इलाज जारी है । बता दें कि धनराज जोशी मेवाड़ और मारवाड़ क्षेत्र में भजनों और अपनी कॉमेडी शैली के लिए बेहद लोकप्रिय थे । उन्होंने अपनी आवाज और प्रस्तुति से लोगों के दिलों में जगह बनाई थी ।।