धर्मराज सिंह के भारतीय सेना में चयन पर हुआ भव्य स्वागत

भीलवाड़ा समाचार 
अकोला (रमेश चंद्र डाड) सोलंकियों का खेड़ा गांव में रावणा राजपूत समाज के युवा धर्मराज सिंह, पुत्र देवी सिंह, के भारतीय सेना में चयन होने पर ग्रामीणों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। गांव में खुशी का माहौल रहा तथा समाज के लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका सम्मान किया।

स्वागत समारोह के दौरान सोलंकियों का खेड़ा चौराहे पर स्थापित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर साफा पहनाया गया। उपस्थित लोगों ने महाराणा प्रताप के जयकारे लगाते हुए उनके शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति को याद किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। माताओं, बहनों, बुजुर्गों और युवाओं ने धर्मराज सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों ने कहा कि सेना में चयन से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भारत सरकार की अग्निवीर योजना की सराहना करते हुए कहा कि इस योजना ने ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के युवाओं को देश सेवा का सुनहरा अवसर प्रदान किया है। सभी ने धर्मराज सिंह को भारतीय सेना में चयन पर हार्दिक शुभकामनाएं एवं मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।