त्रिवेणी संगम में गूंजा जल संरक्षण का संदेश

भीलवाड़ा समाचार महावीर सेन 
मांडलगढ़। गंगा दशहरा के अवसर पर त्रिवेणी संगम में “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” के तहत भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। बनास, बेड़च और भेनाली नदियों के संगम पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जल पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की गई। इस दौरान त्रिवेणी महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना भी की गई।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने जल संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए आमजन से जल स्रोतों के संरक्षण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। अध्यक्षता करते हुए विधायक गोपाल खंडेलवाल ने कहा कि त्रिवेणी संगम आस्था और पर्यावरण का बड़ा केंद्र है तथा जल संरक्षण के लिए पारंपरिक जल स्रोतों को बचाना जरूरी है।
कार्यक्रम में जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विधायक उदयलाल भड़ाना, विधायक अशोक कोठारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।