ग्रामीण रथ अभियान को मिली रफ्तार, कलेक्टर ने दिखाई सख्ती

भीलवाड़ा समाचार 
भीलवाड़ा (जम) जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे ग्रामीण रथ अभियान को बुधवार को उस वक्त नई गति मिली, जब जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू शाहपुरा क्षेत्र के नई आरणी गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीण रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने लोगों से सक्रिय भागीदारी निभाने और योजनाओं की जानकारी लेकर लाभ उठाने का आह्वान किया।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों ने अतिक्रमण, जर्जर सड़कों और पेयजल संकट जैसे मुद्दे उठाए, जिस पर कलेक्टर ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर पात्र लोगों तक लाभ पहुंचाया जाए।
इस दौरान उपखंड अधिकारी सुनील मीणा, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।