आसीन्द की सनसनीखेज डकैती का खुलासा: 18 साल से फरार आरोपी आखिरकार पकड़ा गया

भीलवाड़ा समाचार 
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)
जिले के आसीन्द कस्बे में वर्ष 2008 में हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 18 साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 25 सितंबर 2008 की रात को करीब 10 हथियारबंद बदमाशों ने आसीन्द स्थित विनायक ज्वैलर्स पर धावा बोला था। बदमाशों ने दुकान के चौकीदारों को बंधक बनाकर बंदूक की नोक पर करीब 1 किलो सोना, 30 किलो चांदी के जेवर और 2.5 लाख रुपये लूट लिए थे। वारदात के बाद चौकीदारों का अपहरण कर उन्हें बदनोर क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए थे।
मामले में पूर्व में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया माल बरामद कर लिया गया था, लेकिन मुख्य आरोपी मनोहर सिंह उर्फ मनू सिकलीगर निवासी देवास (मध्यप्रदेश) फरार चल रहा था।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में गठित टीम ने साइबर सेल की मदद से आरोपी का सुराग लगाकर आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से फरार इस आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।